स्मृतिनगर चौकी प्रभारी लाइन अटैच, दो व्यापारियों से गलत कार्रवाई पर गिरी गाज

दुर्ग जिले के स्मृतिनगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु को पद से हटाकर रक्षित केंद्र भेज दिया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद की गई है, जिसमें उनके आचरण की जांच कराने को कहा गया था। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर उन्हें लाइन अटैच किया गया है।

गुरविंदर सिंह पर दो व्यापारियों के साथ मनमानी और गलत कार्रवाई के गंभीर आरोप लगे थे। इन मामलों में कोर्ट की सख्त टिप्पणियों के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है। उनकी जगह भिलाई भट्टी थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू को स्मृतिनगर चौकी का प्रभारी बनाया गया है।

पहले मामले में एक व्यापारी को महिला से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार कर हथकड़ी लगाकर सड़कों पर जुलूस निकालने का मामला सामने आया था। कोर्ट ने इसे अनुचित मानते हुए डीजीपी को आचरण की जांच के निर्देश दिए थे।

दूसरे मामले में एक होटल कारोबारी को उसकी मां के सामने पीटने और बिना एफआईआर के जेल भेजने का आरोप लगा था। इस प्रकरण में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को पीड़ित को एक लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था। साथ ही दोषी अधिकारियों से वसूली के निर्देश भी दिए गए थे।

इन दोनों मामलों के बाद पुलिस विभाग में जवाबदेही तय करने की दिशा में कार्रवाई मानी जा रही है। जारी आदेश के अनुसार यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक प्रकाश कांत को भिलाई भट्टी थाना प्रभारी बनाया गया है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानवाधिकारों के उल्लंघन और गलत कार्रवाई करने वाले अधिकारियों पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button