छत्तीसगढ़ विधानसभा के तीसरे दिन सदन में उठे कई अहम मुद्दे

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार को प्रश्नकाल से शुरू हुई। आज सदन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों से जुड़े सवाल-जवाब हुए।
बैठक में साइबर क्राइम, पीएम आवास योजना, मनरेगा, बंद पड़ी जांच मशीनें और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने भी सदन में जरूरी दस्तावेज पटल पर रखे। इसके अलावा कृषि यंत्र वितरण में गड़बड़ियों और खदानों के आसपास के गांवों में हो रहे प्रदूषण पर भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए गए।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने अपने क्षेत्र गुण्डरदेही से जुड़ी कई मांगें रखीं। उन्होंने ग्राम भरदाखुर्द में एनीकट से सिंचाई योजना शुरू करने, ग्राम किलेपार से जोरातराई तक नई सड़क बनाने, कई स्कूलों के लिए नए भवन बनाने और ग्राम तमोरा के हाईस्कूल को हायर सेकंडरी में अपग्रेड करने की मांग की।
सदन में आज कई विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई और विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों को सामने रखा।





