कोंडागांव में गोवंश वध मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार, सभी जेल भेजे गए

कोंडागांव जिले में गोवंश वध के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस को 1 फरवरी को सूचना मिली थी कि लंजोड़ा-भेलवापारा क्षेत्र के एक खेत के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर मांस काट रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां से कटे हुए अवशेष, मांस और घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।

मौके पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम को बुलाया गया, जिसने जांच के बाद गोवंश वध की पुष्टि की। इसके आधार पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषि पशु संरक्षण अधिनियम 2011 की धारा 4, 5, 6 और 10 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शेखर मरकाम, धरिया उर्फ फनु राम मरकाम, जुगधर मरकाम, सोमराज नेताम, शुकलाल मरकाम, मंगल साय नेताम और चैत राम मरकाम शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम लंजोड़ा-भेलवापारा के निवासी हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button