छत्तीसगढ़ में स्कूल खुले, CM साय ने बच्चों को दी शुभकामनाएं

रायपुर। गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार से प्रदेश के सभी स्कूल दोबारा खुल गए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “प्यारे बच्चों, आज से स्कूलों की घंटी फिर से बजने लगी है। नई किताबों की खुशबू, नई क्लास का जोश और नए सपनों के साथ एक नई शुरुआत हो रही है।”
सीएम साय ने बच्चों से कहा कि वे दिल लगाकर पढ़ाई करें, सवाल पूछें, जवाब ढूंढें और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि बच्चों की अच्छी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि अब कोई भी स्कूल बिना शिक्षक के न हो। सभी स्कूलों में अच्छा शैक्षिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई शिक्षा नीति के अनुसार कई जरूरी बदलाव किए गए हैं, ताकि बच्चों का भविष्य और बेहतर हो सके।
सीएम साय ने कहा, “आप बस मन लगाकर पढ़ो, बाकी की चिंता मुझ पर छोड़ दो। खूब पढ़ो, आगे बढ़ो और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करो।”
मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दी हैं।





