आंधी से स्कूल का टीन उड़कर गिरा, नया भवन बनाने की मांग

बिलासपुर ज़िले के तखतपुर विकासखंड के ग्राम ढनढन स्थित शासकीय प्राथमिक शाला, विचारपुर (संकुल – राजपुर) का टीन का छप्पर तेज आंधी-तूफान में उड़कर भवन के पीछे गिर गया।
यह घटना कुछ दिनों पहले की है, जब तेज आंधी के कारण स्कूल के मुख्य भवन का छप्पर पूरी तरह से उड़ गया। इससे पहले भी पिछले साल ऐसी ही स्थिति हुई थी, जिसकी जानकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उस समय स्कूल और पंचायत स्तर पर मिलकर भवन की मरम्मत करवाई गई थी, लेकिन भवन की हालत पहले से ही खराब होने के कारण टीन दोबारा उड़ गया। अब स्कूल में बच्चों के पढ़ाई के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है।
गांव के लोगों ने मांग की है कि शाला भवन की खराब स्थिति को देखते हुए गांव में एक नया भवन बनाया जाए।
इस पर जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी ने बताया कि नए भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर जिला प्रशासन को भेजा गया है। ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि जल्द ही उनकी मांग पर कार्रवाई की जाएगी।





