अलीगढ़ रिसेप्शन में मीट काउंटर पर बवाल, भीड़ भिड़ी, जांच जारी

अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित शहनाई मैरिज होम में निकाह रिसेप्शन के दौरान मीट काउंटर लगे बोर्ड को देख बड़ा हंगामा खड़ा हो गया. काउंटर पर ‘बीफ कोरमा’ लिखे स्टिकर और मीट ग्रेवी का नाम देखकर एक हिंदू युवक ने विरोध जताया. देखते ही देखते विवाद बढ़ा और भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर स्थानीय भाजपा युवा मोर्चा नेता शगुन भी मौके पर पहुंचे और कैटरिंग टीम पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया.
हंगामे के बीच दोनों पक्षों में कहासुनी हाथापाई में बदल गई. हिंदू पक्ष के लोगों ने स्टॉल पर तोड़फोड़ की कोशिश की, वहीं आयोजकों और कैटरर्स ने बचाव में विरोध किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. मौके पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में जुट गए, जिसके बाद हालात और बिगड़ने का खतरा महसूस किया गया.
भीड़ का दबाव बढ़ता देख पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और Civil Line थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में लिया. पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया और दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई. क्षेत्राधिकारी तृतीय सर्वम कुमार ने भी थाने पहुंचकर मामले की निगरानी की.
भाजपा नेताओं ने मांग की है कि काउंटर पर परोसे जा रहे मीट की फॉरेंसिक जांच कराई जाए, ताकि यह साफ हो सके कि मांस बीफ था या नहीं. साथ ही मारपीट में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की चेतावनी दी गई है.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में गोहत्या और बीफ बिक्री/परोसने को लेकर 1955 के गोवध निषेध अधिनियम के तहत सख्त कानून लागू है. प्रशासन ने इस घटना को संवेदनशील मानते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है. मीट के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं और पुलिस रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.





