DSP ट्रांसफर लिस्ट पर बवाल: महिला अफसर ने उठाए सवाल, लेटर वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 14 अगस्त को जारी DSP (उप पुलिस अधीक्षक) ट्रांसफर लिस्ट पर विवाद खड़ा हो गया है। इस बार पहली बार थानेवार पोस्टिंग की व्यवस्था लागू की गई, जिसके तहत 11 DSP का तबादला हुआ। लेकिन इस नई प्रणाली पर महिला DSP लितेश सिंह ने आपत्ति जताते हुए इसे प्रशासनिक और कानूनी चुनौतियां पैदा करने वाला बताया। उनका पत्र सोशल मीडिया और DSP के वॉट्सऐप ग्रुप पर तेजी से वायरल हो गया।

2016 बैच की अधिकारी लितेश सिंह को गरियाबंद जिले के एक थाने में पोस्टिंग दी गई। इस पर उन्होंने राज्य पुलिस सेवा अधिकारी एसोसिएशन अध्यक्ष सुखनंदन राठौर को पत्र लिखा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह एक ही पद पर दो अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई, जबकि दर्जनों पद रिक्त पड़े हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तीन साल से अधिक सेवाकाल पूरा कर चुके DSP को फिर से उन्हीं क्षेत्रों में भेज दिया गया है।

लितेश सिंह ने यह भी कहा कि पहली बार दो अलग-अलग अनुविभागों के थानों को मिलाकर एक DSP को जिम्मेदारी दी गई है। इससे विभागीय संरचना प्रभावित होगी और भविष्य में न्यायिक प्रक्रिया में भी विसंगतियां आ सकती हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस व्यवस्था को “नीति विरुद्ध” बताते हुए माना कि इससे अधिकारियों की क्षमताओं का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। गृह विभाग के आदेश के खिलाफ यह विवाद अब एसोसिएशन के स्तर तक पहुंच चुका है। हालांकि एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसे आंतरिक मामला बताते हुए कोई आधिकारिक बयान देने से इंकार कर दिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button