रायपुर में स्पा सेंटर संचालक से लूट और अपहरण, पुलिस जांच में पीड़ित पर भी शक

रायपुर के राजेंद्र नगर इलाके में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां करीब 20 से 25 बदमाशों ने एक स्पा सेंटर में घुसकर लूटपाट की और संचालक का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने खुद को एक राजनीतिक संगठन से जुड़ा बताते हुए “प्रोटेक्शन मनी” की मांग की और लूट की वारदात को अंजाम दिया।

राजेंद्र नगर थाने में वेलनेस स्पा सेंटर के संचालक सन्नी मनवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, रात करीब 8 बजे अचानक दर्जनों युवक स्पा सेंटर में घुसे और खुद को शिवसेना से जुड़ा बताकर धमकाने लगे। उन्होंने कहा कि यदि “प्रोटेक्शन मनी” दी जाए तो उनका कारोबार सुरक्षित रहेगा। इसी दौरान एक युवक ने दराज से 20 हजार रुपये नकद निकाल लिए।

इसके बाद बदमाशों ने सन्नी को जबरन कार में बैठाया और शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाते रहे। उन्होंने शैलेंद्र नगर स्थित एटीएम में सन्नी से जबरन 50 हजार रुपये निकलवाए और फिर कचना इलाके के एक पेट्रोल पंप से उसके कार्ड से 50 हजार रुपये और डेबिट कराए। पुलिस के अनुसार, यह जांच का विषय है कि एक ही दिन में 20 हजार रुपये की निकासी सीमा के बावजूद खाते से 50 हजार रुपये कैसे निकाले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया है।

हालांकि जांच के दौरान पुलिस को कुछ पहलुओं पर संदेह भी हुआ है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि पीड़ित सन्नी मनवानी के बयान में कुछ विरोधाभास हैं। इस वजह से पुलिस अब पीड़ित के दावों की भी पड़ताल कर रही है।

फिलहाल, पुलिस ने अपहरण और लूटपाट के आरोप में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button