सराफा दुकान से चेन लूटकर लुटेरे फरार, ग्राहक बनकर पहुंचे थे आरोपी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शक्ति नगर इलाके में स्थित रोशन ज्वेलर्स में दिनदहाड़े सोने की चेन लूट की वारदात सामने आई है। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ और गहने दिखाने की बात कही। जैसे ही दुकानदार पन्नालाल ने चेन दिखाना शुरू किया, आरोपी ने अचानक 2 से 3 सोने की चेन झपटी और तेजी से भाग निकला। दुकानदार ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह पहले से तैयार अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। घटना के समय दुकानदार अकेला था, जिससे आरोपी को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस को संदेह है कि इस लूट के पीछे कोई संगठित गिरोह हो सकता है, जो पहले रेकी कर वारदात को अंजाम देता है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और शहर में नाकाबंदी भी कर दी गई है।





