न्यू ईयर पर रायगढ़ में रिकॉर्ड शराब बिक्री, दो दिनों में 4.6 करोड़ का कारोबार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नए साल के जश्न के दौरान शराब की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को जिले में कुल 4 करोड़ 6 लाख 67 हजार रुपये की शराब बिकी, जिससे शासन को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह अब तक की सबसे अधिक न्यू ईयर बिक्री मानी जा रही है।
31 दिसंबर की सुबह से ही शराब दुकानों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। रात 10 बजे तक लगातार बिक्री होती रही। पर्याप्त स्टॉक होने के कारण जिले की लगभग सभी दुकानों में जमकर खरीदारी हुई। अगले दिन 1 जनवरी को भी यही हालात रहे और शराब बिक्री का सिलसिला जारी रहा।
आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा शराब 31 दिसंबर को बिकी। इस दिन एक ही दिन में 2 करोड़ 16 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई, जबकि 1 जनवरी को 1 करोड़ 90 लाख 67 हजार रुपये की शराब बिकी।
शहर की शराब दुकानों में आमतौर पर सिग्नल चौक के पास सबसे ज्यादा भीड़ रहती है, लेकिन इस बार जूटमिल क्षेत्र के मटन दुकान के पीछे स्थित शराब दुकान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां 31 दिसंबर को एक ही दिन में 13 लाख रुपये से अधिक की शराब बिकी। वहीं प्रीमियम शॉप में भी करीब 13 लाख रुपये की बिक्री हुई। सिग्नल चौक के पास स्थित दुकान में लगभग 10 लाख रुपये की शराब बिकी।
प्रभारी एडीओ रागिनी नायक के अनुसार, रायगढ़ जिले में कुल 37 शराब दुकानें संचालित हैं। इनमें 2 प्रीमियम, 15 कंपोजिट, 9 देशी और 11 अंग्रेजी शराब दुकानें शामिल हैं। नए साल के मौके पर दो दिनों में हुई रिकॉर्ड बिक्री से शासन को 4 करोड़ 6 लाख 67 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।





