रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त,आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 45 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महिला स्व सहायता समूह की सूचना पर की गई।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2025 को ग्राम कोरबाभांवर के महिला स्व सहायता समूह ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने ग्राम दामादपारा कोरबाभांवर में रेड की।
रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी सूरज मरावी उर्फ सूर्या उर्फ कल्लू, निवासी जूनाशहर रतनपुर को पकड़ा। उसके पास से 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 9000 रुपये बताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
यह पूरी कार्रवाई बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा और अनुविभागीय अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।





