शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार

बिलासपुर: सकरी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला साल 2022 से जुड़ा है। तभी महिला की आरोपी से पहचान हुई थी। आरोपी ने शादी का वादा करके पहले कांटीखार में महिला के घर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में महिला से उसका मकान बिकवाकर उसे मंगला की दीनदयाल कॉलोनी ले आया। वहां उसने महिला को पत्नी की तरह रखा और लगातार उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा।
जब महिला ने बार-बार शादी की बात की तो आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट की और उसे धमकाने लगा। आखिरकार महिला ने हिम्मत जुटाकर सकरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मंगला स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।





