रायपुर की सुषमा नौरंगे बनीं आत्मनिर्भर, सालाना कमा रही हैं 1.8 लाख रुपये

रायपुर। कभी रोजी-मजदूरी कर घर चलाने वाली सुषमा नौरंगे आज सालाना 1.8 लाख रुपये कमा रही हैं। यह सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि मेहनत और आत्मनिर्भरता की मिसाल है। रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के ग्राम पचेड़ा की रहने वाली सुषमा 2017 तक एक सामान्य गृहिणी थीं। मजदूरी कर घर चलाने में मदद करती थीं, लेकिन उनका जीवन तब बदला जब उन्होंने बिहान योजना के तहत आराधना स्व-सहायता समूह से जुड़ने का फैसला किया।

योजना से मिली मदद, शुरू किया खुद का काम

सुषमा को बिहान योजना के तहत ₹1.2 लाख की सामुदायिक निवेश निधि (CIF) सहायता और ₹3 लाख का बैंक लोन मिला। इस राशि से उन्होंने अपनी आजीविका शुरू की और आज सिलाई-कढ़ाई, आटा चक्की, धान कुटाई, मशरूम खेती, मछली पालन, सब्जी उत्पादन और मुर्गी पालन जैसे कई व्यवसाय कर रही हैं।

शिक्षित हैं सुषमा, बच्चों को दिला रहीं अच्छी शिक्षा

शादी से पहले बी.ए. और बाद में एम.ए. (समाजशास्त्र) व पीजीडीसीए करने वाली सुषमा आज अपने दोनों बच्चों को अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में पढ़ा रही हैं। उन्होंने अपने कमाई से 3 BHK का घर बनवाया और लोन का आधे से ज्यादा हिस्सा चुका दिया है।

महिला सशक्तिकरण की मिसाल

सुषमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि बिहान योजना से महिलाओं की जिंदगी बदल रही है। महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button