रायपुर: करोड़ों का हुक्का कारोबार करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त

रायपुर के खम्हारडीह और गोलबाजार इलाके में दो सगे भाई करोड़ों रुपये का हुक्का कारोबार कर रहे थे। इस अवैध धंधे का खुलासा तब हुआ जब एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में एक मकान में प्रतिबंधित हुक्का सामग्री रखी गई है और उसकी बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने सबसे पहले मुखबिर द्वारा बताए गए मकान के पास जाकर एक पाईंटर के जरिए ‘टेस्ट पर्चेस’ कराया। जैसे ही व्यक्ति ने पाईंटर को हुक्का से संबंधित सामग्री दी, पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम मोहन लाल मंदानी, निवासी राजीव नगर, खम्हारडीह बताया। पूछताछ के बाद जब पुलिस ने उसके मकान की तलाशी ली तो कमरे के अंदर भारी मात्रा में हुक्का से संबंधित प्रतिबंधित सामग्री पाई गई। जब मोहन लाल से इस सामग्री के भंडारण और बिक्री के लिए वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पुलिस ने मोहन लाल मंदानी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच में पता चला है कि इस अवैध धंधे में उसका भाई भी शामिल है। दोनों भाइयों द्वारा लंबे समय से यह करोड़ों का हुक्का कारोबार किया जा रहा था। पुलिस ने अब पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य शामिल लोगों की तलाश भी की जा रही है।





