रायपुर: टॉप करने वाले विद्यार्थियों को राज्यपाल ने किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में टॉप करने वाले रायपुर जिले के होनहार विद्यार्थियों ने आज राजभवन में राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की।
राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और उन्हें मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही हर विद्यार्थी को प्रोत्साहन के रूप में 5,000 रुपये की राशि भी दी गई।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन बहुत जरूरी है। साथ ही विद्यार्थियों से योग, ध्यान और खेलों में भाग लेने की अपील भी की।
इस कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे और परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थी सम्मान समारोह में शामिल हुए।





