फेसबुक पर आर्मी जवान बनकर ठगी का जाल: रायपुर पुलिस ने ओडिशा से दो साइबर अपराधी गिरफ्तार किए

रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को ओडिशा से गिरफ्तार किया है, जो फेसबुक पर खुद को आर्मी जवान बताकर लोगों से ठगी कर रहे थे। आरोपी सस्ते दाम में स्कॉर्पियो गाड़ी बेचने का झांसा देते थे और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर भी लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी देशभर के 15 राज्यों में साइबर फ्रॉड के कई मामलों में वांछित थे।

रायपुर रेंज साइबर थाना की टीम ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत यह कार्रवाई की। जांच में पुलिस को आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से जुड़े कई सबूत मिले, जिसके आधार पर उनकी लोकेशन ओडिशा में ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने अजय हो (37, जिला केऊंझर) और चिन्मय राउत (30, जिला जाजपुर) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पहले मामले में पीड़ित भोलेश्वर शोरी फेसबुक पर स्कॉर्पियो बेचने के विज्ञापन के झांसे में आए। आरोपी ने खुद को आर्मी जवान बताते हुए 9.5 लाख रुपये वसूल कर लिए। मामला थाना देवभोग में दर्ज हुआ। दूसरे मामले में विरल पटेल से आरोपियों ने “ASK Investment Manager Limited” के नाम पर शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का वादा कर 40 लाख रुपये ठग लिए, जिस पर थाना खम्हारडीह में अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस द्वारा मिले डिजिटल सबूतों में यह भी पता चला कि आरोपियों के खातों और मोबाइल नंबरों का उपयोग असम, कर्नाटक, केरल, पंजाब, तेलंगाना, दिल्ली, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में विभिन्न ठगी के मामलों में हुआ है। cyber थाना रायपुर ठगी की रकम को होल्ड करने और जब्त करने की कार्रवाई आगे बढ़ा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। साइबर सेल ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन लेन-देन से पहले व्यक्ति की पहचान और उसकी विश्वसनीयता की पुष्टि अवश्य करें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button