रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल बोले – किसानों को सस्ते और समय पर मिले उर्वरक, तभी मजबूत होगी कृषि अर्थव्यवस्था

नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित रसायन एवं उर्वरक संबंधी संसदीय स्थायी समिति की पहली बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में देशभर के सांसदों और विशेषज्ञों ने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, घरेलू उत्पादन बढ़ाने और पर्यावरण-अनुकूल तकनीक को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारत की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए रसायन और उर्वरक क्षेत्र की दक्षता बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “अगर किसानों को गुणवत्तापूर्ण और सस्ते उर्वरक समय पर मिलें, तो उत्पादन बढ़ेगा और खाद्य सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।”

अग्रवाल ने समिति के सामने कई सुझाव रखे। उन्होंने उर्वरक उत्पादन में आधुनिक तकनीक अपनाने, जैविक उर्वरकों को बढ़ावा देने और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादन को प्राथमिकता दी जाए ताकि भारत की आयात पर निर्भरता घटे और “आत्मनिर्भर भारत” का सपना साकार हो सके।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से मिलकर पारदर्शी उर्वरक वितरण नीति बनाने की भी मांग की, जिससे किसानों को किसी भी तरह की कमी का सामना न करना पड़े।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उर्वरक उद्योग में अनुसंधान और विकास (R&D) को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। इससे पर्यावरण-अनुकूल और कम लागत वाले उत्पाद तैयार होंगे, जिससे किसानों की लागत घटेगी और उत्पादन बढ़ेगा।

बैठक में मौजूद अन्य सांसदों ने भी अग्रवाल के सुझावों की सराहना की। उन्होंने भरोसा जताया कि समिति की सिफारिशों के आधार पर ऐसी कार्ययोजना बनेगी, जो किसानों और उद्योगों दोनों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button