रायपुर: खमतराई पुलिस ने ग्राईन्डर की दुकान से जब्त की नशीली सिरप

रायपुर। खमतराई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ग्राईन्डर की दुकान से प्रतिबंधित नशीली सिरप CEREX SYRUP जब्त की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति, जिसकी उम्र करीब 30-35 साल है, खमतराई के हटरी बाजार में स्थित एक ग्राईन्डर की दुकान पर अवैध रूप से नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
इस सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खमतराई पुलिस ने टीम बनाकर उस स्थान पर कार्रवाई की। मुखबीर द्वारा बताए गए व्यक्ति को चिन्हित कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम प्रशांत वहाने बताया, जो विजय नगर स्थित छठवा तलाब के पास का निवासी है।
जब पुलिस ने आरोपी की दुकान की तलाशी ली, तो उन्हें सफेद बोरी में रखी नशीली सिरप CEREX SYRUP मिली। इस सिरप की कुल 37 शीशियां थीं, जिनमें प्रत्येक में 100 ML सिरप था। पुलिस ने आरोपी से इस सिरप के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं प्रस्तुत कर सका।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्रशांत वहाने के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 314/2025 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सिरप की कुल कीमत 7326 रुपये बताई जा रही है।
अब पुलिस अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





