रायपुर को मिली गौरवपथ-2 की सौगात, नगर निगम ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को दी मंजूरी

राजधानी रायपुर में विकास की रफ्तार को और तेज़ करने के लिए नगर निगम की सामान्य सभा में कई अहम प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। इनमें सबसे प्रमुख है गौरवपथ-2 का निर्माण कार्य, जो पचपेड़ी नाका से टिकरापारा सिद्धार्थ चौक होते हुए बिजली ऑफिस चौक तक बनाया जाएगा। यह मार्ग शंकर नगर से कलेक्टोरेट चौक तक बने गौरवपथ की तर्ज पर तैयार किया जाएगा।
नगर निगम की इस बैठक में महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी समेत सभी एमआईसी सदस्य और पार्षद मौजूद थे। बैठक में सर्वसम्मति से पास हुए इन प्रस्तावों को शहर के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इन परियोजनाओं पर काम अगले महीने से शुरू हो जाएगा और लगभग दो वर्षों में इनका निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।
सभा में निर्णय लिया गया कि तेलीबांधा चौक के पास एक आधुनिक टेक्निकल टॉवर का निर्माण किया जाएगा, जहां शहर के युवा एक ही जगह पर बैठकर तकनीकी कार्य कर सकेंगे। इसके अलावा, महादेवघाट को एक खूबसूरत कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण बन जाएगा।
बैठक के दौरान कुछ देर के लिए माहौल गरम भी हुआ जब पूर्व नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू 20 मिनट की देरी से पहुंचे। उस समय प्रश्नकाल शुरू हो चुका था और उनका नाम पुकारा जा चुका था। उन्होंने अपनी बात रखने का मौका मांगा, लेकिन सभापति ने कहा कि प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है।
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई है और शहरवासियों को जल्द ही नई सुविधाएं मिलेंगी। वहीं सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षद उनके लिए समान हैं।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि विपक्ष ने विकास से जुड़े सभी सकारात्मक प्रस्तावों को समर्थन दिया है, जबकि गलत प्रस्तावों का विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की यह पहल रायपुर को आधुनिक और सुविधाजनक शहर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
इन योजनाओं के पूरा होने पर रायपुर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और शहर में यातायात, रोजगार तथा पर्यटन से जुड़ी संभावनाएं बढ़ेंगी।





