रायपुर: अवैध बांग्लादेशियों पर कार्रवाई, 30 को गुवाहाटी भेजा गया, डिपोर्ट की तैयारी

रायपुर में प्रदेश सरकार ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। हाल ही में विभिन्न जिलों से गिरफ्तार किए गए 30 अवैध बांग्लादेशियों को मंगलवार को वायुसेना के विमान से रायपुर से गुवाहाटी भेजा गया। इन सभी को फिलहाल गुवाहाटी के डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। केंद्र सरकार से अनुमति मिलने के बाद राज्य सरकार और रायपुर पुलिस ने मिलकर यह संयुक्त कार्रवाई की।
इन घुसपैठियों को रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और रायगढ़ जिलों से पकड़ा गया था। रायपुर पुलिस ने इन्हें गुवाहाटी में बीएसएफ के हवाले कर दिया है, जो भारत-बांग्लादेश सीमा पर इन्हें डिपोर्ट करने की प्रक्रिया पूरी करेगी। इस कार्रवाई में केवल उन्हीं बांग्लादेशियों को शामिल किया गया है जिन पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, जबकि जिनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है, उन्हें फिलहाल छत्तीसगढ़ में ही रखा गया है। रायपुर में ऐसे छह बांग्लादेशी नागरिक हैं, जिनमें तीन भाई, एक दंपती और उनकी नाबालिग बेटी शामिल हैं। इन पर केस लंबित है, जिसके निपटारे के बाद इन्हें भी वापस भेजा जाएगा।
बताया जा रहा है कि बीते तीन महीनों में राज्य में करीब 50 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बंगाल के नौ प्रवासी मजदूरों को झूठे मामलों में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने दावा किया कि सभी के पास वैध दस्तावेज थे और अब उन्हें जेल से रिहा तो किया गया है, लेकिन राज्य छोड़ने पर मजबूर कर दिया गया। सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई संविधान के खिलाफ है।





