15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, रायपुर जिले में तैयारियां पूरी – अवैध परिवहन पर रहेगी कड़ी नजर

रायपुर। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है। इसे लेकर रायपुर जिले में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इसी संबंध में अपर मुख्य सचिव एवं रायपुर जिले की प्रभारी सचिव ऋचा शर्मा ने आज रेडक्रॉस सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली और जरूरी निर्देश दिए।

शर्मा ने कहा कि सभी उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं समय पर पूरी होनी चाहिए, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को सुगमता से धान विक्रय की सुविधा मिले और भुगतान शीघ्र किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि कोचियों और अवैध धान परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जाए और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही खरीदी केंद्रों में धान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और तेजी से उठाव कराने के निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव ने सभी केंद्रों में कॉल सेंटर के नंबर प्रदर्शित करने के आदेश दिए, ताकि किसान किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत दे सकें और उसका समाधान समय पर किया जा सके।

बैठक में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए रायपुर जिले में 1,34,037 किसान पंजीकृत हैं और 1,26,921 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल ली गई है। जिले में 139 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।

धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित किया गया है। साथ ही अवैध धान परिवहन रोकने के लिए 5 चेक पोस्ट बनाए गए हैं और 43 कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने संवेदनशील केंद्रों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है और गुणवत्ता जांच दल भी गठित किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि इस बार धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर सभी इंतजाम पहले से ही सुनिश्चित कर दिए गए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button