योग दिवस पर प्रेस वार्ता: स्वास्थ्य मंत्री की लोगों से योग अपनाने की अपील

बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में शामिल करें। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है।

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है और पूरी दुनिया इससे लाभ उठा रही है। छत्तीसगढ़ में भी योग और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की मदद से 100 करोड़ रुपये की लागत से एक 100 बिस्तरों वाला केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल बनाया जाएगा। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए सरकार 400 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 32 योग वेलनेस सेंटर, 17 एनसीडी (गैर-संक्रामक रोग) क्लीनिक और 20 लाइफस्टाइल क्लीनिक चला रही है। यहां योग प्रशिक्षक और डॉक्टर नियमित सेवाएं दे रहे हैं।

मंत्री जायसवाल ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में मधुमेह और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, लेकिन योग से इन पर काबू पाया जा सकता है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विपक्ष पर व्यंग्य भी किया और कहा कि उन्हें भी योग करना चाहिए, ताकि उनके “मानसिक और राजनीतिक रोगों” का इलाज हो सके।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी लोगों से अपील की कि वे 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में हिस्सा लें और “योग करें, निरोग रहें” के संदेश को अपनाएं।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button