लिंगियाडीह आंदोलन पर सियासत तेज: विधायक शुक्ला का भूपेश बघेल पर पलटवार, लगाए गंभीर आरोप

बिलासपुर। लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन को समर्थन देने बिलासपुर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर राजनीति गरम हो गई है। बेलतरा के विधायक सुशांत शुक्ला ने भूपेश बघेल पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि वे सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के साथ खड़े हैं।

विधायक शुक्ला ने सवाल उठाया कि क्या भूपेश बघेल उन लोगों का समर्थन करने आए थे जो शासकीय भूमि की खरीद–फरोख्त में शामिल हैं? अगर नहीं, तो फिर कब्जाधारियों के पक्ष में खड़े होने का क्या कारण है?

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान राजीव गांधी न्याय पट्टा योजना के नाम पर 124 लोगों से 5–5 हजार रुपये लिए गए थे, लेकिन किसी को भी आज तक पट्टा नहीं मिला। शुक्ला ने पूछा कि इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा और इसे लेकर भूपेश बघेल स्पष्टीकरण क्यों नहीं दे रहे?

विधायक ने दावा किया कि जिस जमीन को लेकर आंदोलन हो रहा है, उसी जगह पर कांग्रेस के स्थानीय पार्षद का व्यावसायिक काम भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के सामने यह सच क्यों नहीं बताया जा रहा?

शुक्ला ने कांग्रेस नेताओं अटल श्रीवास्तव और दिलीप पाटिल का नाम लेते हुए कहा कि कांग्रेस पहले भी सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाती रही है और आज भी वही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंदोलनकारी खुद हाईकोर्ट गए थे, लेकिन वे कोर्ट में अपना कब्जा साबित नहीं कर पाए।

अंत में विधायक शुक्ला ने कहा कि आंदोलन की जगह नाचा–गाना, भोजन और प्रसादी बांटी जा रही है, जिससे भीड़ इकट्ठी की जा सके। उन्होंने इस आंदोलन को जनआंदोलन नहीं, बल्कि राजनीतिक कार्यक्रम बताया।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button