छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर दिलों का उत्सव: पीएम मोदी आज मिलेंगे 1,758 बच्चों से, जिन्होंने सत्य साईं अस्पताल में पाई नई जिंदगी

छत्तीसगढ़ का 25वां स्थापना दिवस इस बार सिर्फ राज्योत्सव का नहीं, बल्कि “दिलों के उत्सव” का प्रतीक बन गया है। नवा रायपुर के सत्य साई संजीवनी अस्पताल में आज वे बच्चे जुटे हैं, जिनके नन्हे दिल कभी मौत और जिंदगी के बीच झूल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन बच्चों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ “दिल की बात” करेंगे।
सत्य साई संजीवनी अस्पताल देश का वह अनोखा केंद्र है, जहां दिल की सर्जरी पूरी तरह मुफ्त की जाती है। यहां न कोई कैश काउंटर है, न फीस की पर्चियां। अस्पताल ने हाल ही में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है — एक साथ 1,758 बच्चों को एक कार्यक्रम में शामिल कर। यह बच्चे वही हैं जिनका ऑपरेशन इसी अस्पताल में हुआ था। इस ऐतिहासिक मौके पर पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर भी मौजूद रहे।
हरियाणा की 10 वर्षीय दीक्षिता, जो 105 दिन वेंटिलेटर पर रही थी, अब कराटे में गोल्ड मेडलिस्ट है। वह बड़ी होकर कार्डियोलॉजिस्ट बनना चाहती है ताकि दूसरों का इलाज कर सके। वहीं झारखंड के धनबाद से आए कर्तव्य की मां अंजुला बताती हैं कि उन्हें पहले मुफ्त इलाज पर शक था, लेकिन यहां की सेवा देखकर भरोसा लौट आया। आज उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ है और क्रिकेट खेलता है।
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. श्रीनिवास ने बताया कि अब तक 37,500 से ज्यादा बच्चों की हार्ट सर्जरी यहां निशुल्क की जा चुकी है। करीब 3.8 लाख मरीज अस्पताल की ओपीडी सेवाओं का लाभ ले चुके हैं।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी स्वयं अस्पताल पहुंचेंगे और इन बच्चों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे कुछ मरीजों को “गिफ्ट ऑफ लाइफ” प्रमाणपत्र भी देंगे। यह मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के लिए आशा और आभार का क्षण होगी, जिन्होंने सत्य साईं संजीवनी अस्पताल से नई जिंदगी पाई है।
यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन रहा है — जहां सेवा, करुणा और जीवन की मुस्कानें एक साथ झलकती हैं।





