नवा रायपुर में पीएम मोदी ने तीजन बाई के स्वास्थ्य की ली जानकारी, सत्यसाई अस्पताल में बच्चों से मिले

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने लोकगायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई के स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने नवा रायपुर स्थित सत्यसाई अस्पताल में भर्ती तीजन बाई से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचाररत बच्चों से भी मुलाकात की और उनसे आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

प्रधानमंत्री मोदी इसके बाद ब्रह्माकुमारी संस्थान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। सुबह 10:45 से 11:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में उन्होंने आध्यात्मिकता, सकारात्मक सोच और समाज सेवा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। पीएम मोदी ने कहा कि “सेवा और सद्भाव ही भारत की सच्ची पहचान है, हमें अपने जीवन में इन मूल्यों को अपनाना चाहिए।”

दोपहर बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की नई पहचान बनने वाले नवा रायपुर के आधुनिक विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा और जनजातीय संस्कृति को समर्पित ट्राइबल म्यूजियम का भी उद्घाटन किया। यह संग्रहालय राज्य की जनजातीय कला, लोक संस्कृति और विरासत को विश्व पटल पर नई पहचान देगा।

शाम को प्रधानमंत्री मोदी राज्योत्सव के मुख्य समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से यह राज्य विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। आने वाले वर्षों में यहां की युवा शक्ति और मातृशक्ति देश के विकास की दिशा तय करेगी।”

पूरे नवा रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। शहर भर में लोगों में प्रधानमंत्री को देखने का उत्साह चरम पर था। हजारों की संख्या में लोग सड़कों के किनारे खड़े होकर उनका स्वागत करते नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी अपने एकदिवसीय दौरे के अंत में शाम 4:25 बजे रायपुर हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button