अभनपुर के पेट्रोल पंप में पेट्रोल ना मिलने पर कर्मचारियों से मारपीट, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र स्थित चंडी मोड़ के भारत पेट्रोल पंप में कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित शिवा यादव ने अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, 16 मई 2026 की रात करीब 9 बजे बिजली गुल होने के दौरान ठाकुर राम साहू अपने दो साथियों के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे और अतिरिक्त डिब्बे में पेट्रोल भरने की मांग करने लगे। कर्मचारियों ने बिजली आने के बाद पेट्रोल देने की बात कही, जिससे आरोपी नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। इसके बाद वे धमकी देकर वहां से चले गए।
आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्के और लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे योगेश्वर साहू और अजय यदु को गंभीर चोटें आईं। शिवा यादव को भी मामूली चोट लगी है।
घटना के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों में अक्षय चेलक और समीर बघेल समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।
अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।





