PM Awas Yojana: PM आवास योजना में अनियमितताओं पर लोगों का विरोध प्रदर्शन, सुविधाओं के अभाव में आवास में नहीं रह पा रहे लोग

PM Awas Yojana: बिलासपुर। वार्ड क्रमांक 53 और 54 के अंतर्गत आने वाले गंधर्व मोहल्ला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण लोग अभी तक उनमें निवास नहीं कर पा रहे हैं। लगभग 135 परिवारों को यह आवास आवंटित किए गए हैं, लेकिन बिजली, पानी, दरवाजे और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों की व्यवस्था न होने के कारण वे लोग वहां नहीं जा सके हैं।

प्रभावित नागरिकों का कहना है कि शासन की ओर से उन्हें मकान तो दे दिए गए हैं, लेकिन बुनियादी आवश्यकताओं की घोर अनदेखी की गई है। न तो वहां बिजली की लाइनें चालू हैं, न ही पानी की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही, सुरक्षा और अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं का भी घोर अभाव है। इस संबंध में आज मेनका राजपूत, सरिता राजपूत, दुर्गा कचरिया बाई राजपूत समेत कई महिलाओं ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने अनुरोध किया कि जिन परिवारों ने पूरी राशि जमा कर दी है, उन्हें तुरंत आवास में स्थानांतरित होने की अनुमति दी जाए तथा सभी जरूरी सुविधाओं की शीघ्र व्यवस्था की जाए। ज्ञापन में निवेदक महिलाओं ने प्रशासन से समस्या की गंभीरता को समझते हुए जल्द से जल्द समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। अब यह देखना होगा कि नगर निगम इस मामले में कितनी तत्परता दिखाता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button