विधानसभा में पंडरिया विधायक ने उठाए कई अहम मुद्दे, बांग्लादेशी घुसपैठ और सड़क निर्माण पर जताई चिंता

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने राज्य सरकार का ध्यान कई जरूरी मुद्दों की ओर खींचा। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठ, सड़क निर्माण, खाली पदों की भर्ती, मुख्यमंत्री सिलाई मशीन योजना और उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम जैसे विषयों पर सवाल पूछे।

भावना बोहरा ने छत्तीसगढ़ में बढ़ती बांग्लादेशी घुसपैठ पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि एटीएस की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक करीब 5,000 बांग्लादेशी नागरिक पश्चिम बंगाल के रास्ते राज्य में दाखिल हुए हैं। रायपुर, भिलाई और बिलासपुर में कई घुसपैठियों को पकड़ा भी गया है, जो अवैध गतिविधियों में शामिल थे। उन्होंने सरकार द्वारा पकड़े गए 30 घुसपैठियों को वापस भेजने की कार्रवाई की सराहना की और लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार राज्य को घुसपैठ और अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। इस काम में आम लोग भी टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर जानकारी देकर सहयोग कर सकते हैं।

भावना बोहरा ने अपने क्षेत्र में सड़क निर्माण की स्थिति पर भी सवाल किया। जवाब में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि जनवरी 2024 से जून 2025 तक पंडरिया में 13.50 किलोमीटर की 4 सड़कें बन चुकी हैं। 2024-25 में 15 और 2025-26 में 14 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिन पर काम जारी है।

उन्होंने उद्योगों को अनुमति देने वाली सिंगल विंडो सिस्टम की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए। मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होती है और 2020 से अब तक 43,831 आवेदन निपटाए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री सिलाई मशीन योजना पर पूछे गए सवाल के जवाब में बताया गया कि योजना के तहत 18 से 50 साल की पंजीकृत महिला श्रमिकों को 7,900 रुपये की सहायता दी जाती है। पंडरिया में अब तक 23 आवेदन मिले हैं, जिनमें से 6 महिलाओं को लाभ मिल चुका है।

अंत में, उन्होंने पंडरिया के नगर निकायों में खाली पदों का मुद्दा उठाया। सरकार ने बताया कि वहां कुल 11 पद खाली हैं। फिलहाल कर्मचारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी देकर काम चलाया जा रहा है और स्थायी भर्ती की प्रक्रिया जारी है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई