झारखंड से दुर्ग तक फैला अफीम तस्करी का नेटवर्क बेनकाब: 15 लाख की अफीम जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने अफीम तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए झारखंड के गुमला जिले से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपए कीमत की अफीम, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी लंबे समय से झारखंड से अफीम लाकर दुर्ग और आसपास के इलाकों में सप्लाई कर रहे थे।

कुम्हारी इलाके में चल रहा था अवैध कारोबार

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुम्हारी थाना क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खरीदी-बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखी। पूछताछ के दौरान आरोपी राजकेश्वर साहू से कई अहम जानकारियां मिलीं। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल की।

जांच में सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

लंबे समय से कर रहे थे तस्करी

पुलिस के अनुसार, आरोपी झारखंड से मादक पदार्थ लाकर छत्तीसगढ़ में खपाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू और राजकेश्वर साहू के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के गुमला जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। इसी वजह से मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

इस मामले में थाना कुम्हारी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ख), 27(क) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि कार्रवाई कुम्हारी और बीएसपी कॉलोनी क्षेत्र में की गई। पुलिस अब इस नेटवर्क के बाकी सदस्यों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button