खुले ट्रांसफार्मर बने खतरे की घंटी, बिजली विभाग लापरवाह

बिलासपुर: शहर के कई मोहल्लों में बिजली के ट्रांसफार्मर खुले पड़े हैं। कहीं ट्रांसफार्मर के पास से तार लटक रहे हैं, तो कहीं ये ट्रांसफार्मर लोगों की आवाजाही वाले रास्तों के बिलकुल करीब लगे हुए हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
नेहरू चौक, बृहस्पति बाजार, राजेन्द्र नगर, गार्डन के पास, सरकंडा और कोनी जैसे इलाकों में यह स्थिति साफ देखी जा सकती है। यहां ट्रांसफार्मर आबादी के बीच खुले में हैं और इनके आसपास कोई सुरक्षा घेरे की व्यवस्था नहीं की गई है। बच्चे खेलते हुए इन ट्रांसफार्मरों तक पहुंच जाते हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि वे कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुके हैं कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर जाली या सुरक्षा गार्ड लगाया जाए, लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। बरसात के मौसम में यह खतरा और भी बढ़ जाता है, क्योंकि गीले तारों से शॉर्ट सर्किट और चिंगारी निकलने की संभावना रहती है।
लोगों की मांग है कि बिजली विभाग तुरंत ऐसे खुले ट्रांसफार्मरों का सर्वे कराए और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे ट्रांसफार्मरों को जाली से घेरने की व्यवस्था करे। समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो यह लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है।





