आरंग और लखौली से खुलेआम हो रही शराब तस्करी, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन

रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के लखौली और आरंग की शराब भट्ठियों से खुलेआम शराब तस्करी की जा रही है। कोचिये बेधड़क शराब ढोकर न सिर्फ आरंग के गांवों में पहुंचा रहे हैं, बल्कि मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के उन गांवों में भी भेज रहे हैं, जहां हाल ही में शराब भट्ठी के खिलाफ सफल आंदोलन हुआ था।

ग्रामीणों की शिकायतों के बाद किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने गुरुवार को आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि इन गांवों में शाम होते ही माहौल असुरक्षित हो जाता है, महिलाएं और बच्चे घर से बाहर नहीं निकल पाते।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि शराब तस्कर दिन में कई बार भट्ठियों से शराब लाकर गांवों में बेच रहे हैं, जिससे हर गांव में जैसे अघोषित शराब भट्ठी जैसी स्थिति बन गई है।

श्री शर्मा ने पुलिस प्रशासन को चेताया कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो इन तस्करों की वजह से गांवों में कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है। उन्होंने मांग की कि शराब तस्करों पर मौके पर ही सख्त कार्रवाई की जाए और यह जिम्मेदारी पुलिस निभाए।

इस मामले को लेकर शर्मा ने जल्द ही पुलिस महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का भी ध्यान आकर्षित कराने की बात कही है।

गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित समाधान शिविरों में भी ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अवैध शराब, गांजा और नशीली गोलियों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई