संविधान दिवस पर CM साय ने किया सामूहिक वाचन, रायपुर टाउन हॉल में “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम आयोजित

रायपुर। 75वें संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर के टाउन हॉल में आयोजित “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में पहुंचे बड़े जनसमूह के साथ मुख्यमंत्री साय ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर संविधान पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और उसके बाद प्रदर्शित की जा रही लघु फिल्म देखी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
CM साय ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की शक्ति उसका संविधान है। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को अपनी बात रखने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आम नागरिकों का विधायक और सांसद जैसे पदों तक पहुँचना संविधान की समावेशी और लोकतांत्रिक व्यवस्था का प्रमाण है।
उन्होंने संविधान निर्माण में देशभर के प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए योगदान को याद किया। साथ ही छत्तीसगढ़ के उन वरिष्ठजनों का विशेष उल्लेख किया जिन्होंने भारत के संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह ऐतिहासिक भागीदारी पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है और हमारे महान जनप्रतिनिधियों के विचार, मूल्य और राष्ट्र निर्माण की सोच हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।





