तार नहीं, मौत का जाल: बिलासपुर के सिद्धि विनायक नगर में हर गली खतरे से भरी

बिलासपुर। सिद्धि विनायक नगर, वार्ड नंबर 4 की गलियों में इन दिनों बिजली की लटकती तारें लोगों की ज़िंदगी पर भारी पड़ रही हैं। ये तार अब इतने नीचे आ चुके हैं कि जमीन को छूने लगे हैं। कहीं तार छतों से टकरा रहे हैं, तो कहीं बच्चे खेलने के दौरान इनके पास से गुजरते हैं। मोहल्ले के लोग हर वक्त डर के साए में जी रहे हैं।

लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। विभाग की नींद अब तक नहीं खुली है, जैसे किसी बड़े हादसे का इंतजार हो।

पशु भी बन चुके हैं शिकार

इन तारों की चपेट में अब तक कई मवेशी आकर जान गंवा चुके हैं। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी दिन इंसानी जान भी जा सकती है।

“बच्चों को बाहर भेजने में डर लगता है”

मोहल्ले की एक महिला ने बताया, “बच्चों को बाहर खेलने नहीं भेजते। कभी भी करंट आ सकता है। बारिश के समय तो हालत और भी खतरनाक हो जाती है।”

लोगों का आरोप है कि जब तक मीडिया में मामला नहीं उठता या किसी नेता का फोन नहीं आता, तब तक विभाग ध्यान नहीं देता।

अब सवाल साफ है: क्या किसी जान जाने के बाद ही विभाग जागेगा? या फिर लापरवाही की यह चुप्पी किसी बड़ी घटना की दस्तक बन जाएगी?

स्थानीय लोगों ने फिर से मांग की है कि बिजली विभाग तुरंत इन लटकते तारों को दुरुस्त करे, ताकि भविष्य में कोई अनहोनी न हो।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button