भनपुरी में सजा नया इंडस्ट्रीज हॉल, मंत्री ओपी चौधरी ने किया लोकार्पण-व्यापारियों के योगदान की सराहना

रायपुर। राजधानी के भनपुरी क्षेत्र में जीर्णोद्धार और नई साज-सज्जा के साथ तैयार छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज के हॉल का लोकार्पण कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने किया। इस मौके पर मंत्री चौधरी का सम्मान किया गया, उन्हें हाल ही में जीएसटी सुधारों और जनता को दी गई राहत के लिए धन्यवाद दिया गया।

कार्यक्रम में अपने संबोधन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेज़ी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों और उद्योगपतियों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने बताया कि जीएसटी सुधारों से न सिर्फ कारोबारियों को, बल्कि आम जनता को भी राहत मिली है।

कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। फेडरेशन के अध्यक्ष शंकर बजाज और सचिव लव बंसल ने बताया कि इस हॉल का जीर्णोद्धार शर्मा गुड़ाखू परिवार के आर्थिक सहयोग से किया गया है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस यह वातानुकूलित ऑडिटोरियम करीब 150 लोगों के बैठने की क्षमता वाला है। इसे व्यापारिक बैठकों और कार्यक्रमों के लिए समर्पित किया गया है।

कार्यक्रम में फेडरेशन के करीब 250 उद्योगपति सदस्य मौजूद रहे। यह संस्था पिछले 60 सालों से छत्तीसगढ़ के लघु और मध्यम उद्योगों के हित में काम कर रही है।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि “रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में अब मूलभूत सुविधाएं तेज़ी से विकसित हो रही हैं।” वहीं, राजीव अग्रवाल ने उद्योगों को दी जा रही सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी।

समारोह में चैंबर, कैट, उरला इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, आलू-प्याज व्यापारी संघ सहित कई संस्थाओं के प्रतिनिधि, अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे। मंच संचालन विष्णु सारड़ा ने किया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button