Negligence At The Cow Shelter: ईलाज के अभाव में गाय और बछड़े ने तोड़ा दम
सिरगिट्टी गौठान में भारी लापरवाही

बिलासपुर के सिरगिट्टी गौठान में बदहाली और लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। (Negligence At The Cow Shelter) यहाँ इलाज की कमी के चलते एक गाय और बछड़े की मौत हो गई है, जिससे गौसेवकों में भारी आक्रोश है। गौसेवकों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद नगर निगम के अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं और गौठान में पशु चिकित्सक तक की व्यवस्था नहीं की गई है। आइए देखते हैं इस पूरी अव्यवस्था पर हमारी यह विशेष रिपोर्ट…..
गौठान में लापरवाही, (Negligence At The Cow Shelter)
बिलासपुर न्यायधानी के सिरगिट्टी स्थित गौठान में एक बार फिर व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। यहाँ एक गाय और एक बछड़े की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में गौसेवक मौके पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। गौसेवकों का सीधा आरोप है कि नगर निगम और संबंधित विभाग की घोर लापरवाही के कारण बेजुबान अपनी जान गंवा रहे हैं। गौठान में न तो बीमार पशुओं के लिए कोई स्थायी पशु चिकित्सक मौजूद है और न ही उनकी बुनियादी सेहत का ख्याल रखा जा रहा है। बदहाली का आलम यह है कि कई पशु वर्तमान में भी बीमार हैं, लेकिन उन्हें उपचार नसीब नहीं हो रहा है…..
गौसेवक सूरज सिंह ने इस पूरी अव्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पूर्व में भी कई बार नगर निगम के अधिकारियों को गौठान की सुध लेने और यहाँ डॉक्टर तैनात करने के लिए लिखित व मौखिक निवेदन किया गया था। बावजूद इसके, अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
आलम यह है कि चारे और साफ पानी की किल्लत के बीच अब पशु दम तोड़ने लगे हैं। आक्रोशित गौसेवकों ने अब प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि नगर निगम व्यवस्था संभालने में अक्षम है, तो इसकी जिम्मेदारी गौसेवकों को सौंप दी जाए। उन्होंने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से यहाँ पशु चिकित्सक की नियुक्ति की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं…





