दुर्ग-भिलाई में 6 से 9 जनवरी तक राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता, 29 राज्यों के 329 खिलाड़ी होंगे शामिल

दुर्ग-भिलाई: दुर्ग जिले में 69वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता (14 वर्ष आयु वर्ग, बालक) का आयोजन 6 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता भिलाई के विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित होगी, जिसमें देशभर के 29 राज्यों से आए 329 खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

मैच भिलाई नायर समाजम हायर सेकेंडरी स्कूल और सेक्टर-2 स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह भिलाई विद्यालय हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-2 के खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा।

इस आयोजन में खिलाड़ियों के साथ 87 ऑफिशियल्स भी शामिल रहेंगे। वहीं लोक शिक्षण संचालनालय और स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के 45 अधिकारी प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं में अपनी भूमिका निभाएंगे। दुर्ग संभाग से 136 व्यायाम शिक्षक और अधिकारी विभिन्न दायित्वों के साथ प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग करेंगे।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर आयोजकों ने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की है। आयोजन समिति के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इससे पहले 20 दिसंबर 2025 को प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर संयुक्त संचालक संभाग कार्यालय दुर्ग में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में व्यायाम शिक्षकों और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी दी गई थी। आयोजकों का मानना है कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से दुर्ग जिले को खेल जगत में नई पहचान मिलेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button