छत्तीसगढ़ के 7 शहरों को मिला स्वच्छता में राष्ट्रीय सम्मान, उप मुख्यमंत्री ने दी बधाई

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी महापौरों और निकाय अध्यक्षों को पत्र लिखकर “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को मजबूती से लागू करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारी संस्कृति और संस्कार का हिस्सा रही है, जो हमें पूर्वजों से मिली धरोहर है और आने वाली पीढ़ी को भी इसे आगे बढ़ाना चाहिए।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। राज्य के 7 शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर ने देश के स्वच्छतम 23 शहरों की “सुपर स्वच्छ लीग” में स्थान बनाकर राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त किया।
बिलासपुर, कुम्हारी और बिल्हा को उनकी जनसंख्या श्रेणी में “स्वच्छ शहर पुरस्कार” मिला।
राजधानी रायपुर को केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा “प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर” का सम्मान दिया गया।
उप मुख्यमंत्री ने इन उपलब्धियों पर सभी नगरीय निकायों और नागरिकों को बधाई दी और कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।





