जाति और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र की मांग को लेकर मुस्लिम समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर:सोमवार को बिलासपुर में मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जाति व ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) प्रमाण पत्र बनाए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

समाज के लोगों का कहना है कि कई मुस्लिम जातियां अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में शामिल हैं, लेकिन उनके दस्तावेजों में सिर्फ “मुसलमान धर्म” लिखा होता है। इस वजह से उन्हें OBC प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहा। इसके चलते उन्हें शिक्षा और नौकरी में मिलने वाले आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा है।

समाज के वरिष्ठ लोगों ने बताया कि जब वे प्रमाण पत्र बनवाने सरकारी दफ्तर जाते हैं, तो उन्हें मौखिक रूप से मना कर दिया जाता है और आवेदन भी रजिस्टर्ड नहीं किए जा रहे। वहीं, जो मुस्लिम परिवार सामान्य वर्ग में आते हैं और ईडब्ल्यूएस की पात्रता रखते हैं, उन्हें भी प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा है।

लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो समाज आंदोलन करेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button