NIT रायपुर में मेडिकल डिवाइस में एमटेक की शुरुआत

रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर ने बायोमेडिकल इंजीनियरिंग विभाग में मेडिकल डिवाइस पर केंद्रित एमटेक प्रोग्राम की शुरुआत की है। इस कोर्स में इन-विट्रो डायग्नोस्टिक्स (IVD) और क्रिटिकल केयर मेडिकल इंस्ट्रूमेंट्स पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कोविड-19 महामारी के बाद मेडिकल डिवाइस की बढ़ती मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
संस्थान का कहना है कि अनुभवी संकाय, आधुनिक सुविधाएं और इंडस्ट्री-लिंक्ड ट्रेनिंग छात्रों को मेडिकल डिवाइस सेक्टर की जरूरतों के अनुरूप तैयार करेगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार और गुणवत्ता को बढ़ावा मिलेगा।
कौन ले सकता है एडमिशन
इस कोर्स में बी.फार्मा, एमबीबीएस, बीई/बी.टेक (बायोमेडिकल, बायोटेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल आदि) और संबंधित विज्ञान विषयों के छात्र प्रवेश ले सकते हैं। GATE पास उम्मीदवारों को छात्रवृत्ति मिलेगी, वहीं गैर-GATE छात्र भी दाखिला ले सकेंगे।
क्या है कोर्स की खासियत
यह प्रोग्राम छात्रों को मेडटेक कंपनियों, रिसर्च लैब्स, क्वालिटी कंट्रोल, रेगुलेटरी एजेंसियों, मानक निर्माण संस्थानों और अस्पतालों में करियर अवसर उपलब्ध कराएगा।
कोर्स की पढ़ाई में शामिल विषय
मेडिकल डिवाइस डिजाइन
बायोसेंसर निर्माण
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और IoT का उपयोग
रेगुलेटरी ट्रेनिंग
एम्स रायपुर से एमओयू
NIT रायपुर का एम्स रायपुर से समझौता हुआ है। इसके तहत छात्र अस्पताल आधारित ट्रेनिंग और मेडिकल डिवाइस से जुड़ी वास्तविक जानकारी हासिल करेंगे। साथ ही, इंडस्ट्रियल इंटर्नशिप से उन्हें सीधे उद्योग का अनुभव भी मिलेगा। यह नया कोर्स छात्रों के लिए मेडिकल टेक्नोलॉजी क्षेत्र में करियर की नई संभावनाएं खोलता है। छात्रों को हाई-टेक लैब्स और मेडिकल-ग्रेड उपकरणों पर प्रैक्टिकल ट्रेनिंग मिलेगी।





