हरेली पर हुआ मातम, तीन साल का मासूम तेजस अब भी लापता

बिलासपुर:छत्तीसगढ़ में हरेली पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। शिव शक्ति पीठ मंदिर दर्शन कर लौट रहा एक परिवार तुंगन नाले में हादसे का शिकार हो गया। पुल पर तेज बहाव के कारण 9 लोगों से भरी वेगनआर कार पानी में बह गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन वर्षीय मासूम तेजस अब तक लापता है।
यह घटना गुरुवार को हरेली पर्व के दिन की है। खम्हरिया निवासी मोहनलाल साहू उर्फ भोला अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ वेगनआर कार से मंदिर दर्शन के बाद लौट रहा था। जैसे ही कार झलमला के तुंगन नाले पर बने पुल को पार करने लगी, तेज बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। लगभग तीन फीट ऊपर से बहते पानी में कार करीब 60 फीट तक बहती चली गई। कार में चार वयस्क और पांच बच्चे सवार थे।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन साल का तेजस बहाव में कहीं गुम हो गया।
“घटना के तुरंत बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा और पानी का तेज बहाव हमारी सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आया।”
शुक्रवार शाम करीब चार बजे घटनास्थल से 200 मीटर दूर पानी में डूबी हुई कार बरामद कर ली गई, लेकिन तेजस का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। SDRF की टीम लगातार खारून नदी तक सर्च ऑपरेशन चला रही है।
दूसरी ओर, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर सुबह से घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा है और मासूम के सुरक्षित मिलने की दुआ कर रही है।





