19 जुलाई को छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, जनकल्याण योजनाओं की होगी समीक्षा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जुलाई को छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं से संवाद करेंगे। इसे लेकर रायपुर के सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह अवसर बेहद सम्मानजनक है और प्रदेश के विकास की दिशा तय करने वाला साबित होगा।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव देखे हैं। इस संवाद में भाजपा के वे सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे जिन्होंने संगठन और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि और अमृत मिशन जैसी योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी चर्चा होगी कि इन योजनाओं का लाभ जनता तक बेहतर तरीके से कैसे पहुंचाया जा सकता है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार की नीति “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को और मजबूत करने के लिए यह संवाद एक अहम कदम होगा।





