अंबिकापुर में जलभराव पर महापौर का बयान वायरल, बोलीं – भगवान से सेटिंग नहीं हो पाई

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच शहर की महापौर और बीजेपी नेता मंजूषा भगत का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रविवार को वार्डों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा – “जब से महापौर बनी हूं, भगवान मुझसे ज्यादा खुश हैं। लोग कहते हैं कि मैं ध्यान नहीं दे रही, लेकिन भगवान से मेरी सेटिंग नहीं हो पाई है। इसलिए उनसे नहीं कह पा रही कि बारिश मत कराओ।”

उनका यह बयान कांग्रेस के निशाने पर आ गया है। कांग्रेस ने इसे मेयर की असफलता को छुपाने की बहानेबाजी बताया। कांग्रेस प्रवक्ता आशीष वर्मा ने कहा कि महापौर और नगर निगम की लापरवाही से लोग परेशान हैं। बारिश से पहले न तो सफाई हुई, न ही नालियों की मरम्मत।

जलभराव से शहरवासी परेशान

लगातार बारिश के कारण अंबिकापुर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। यहां तक कि विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी आवास में भी पानी घुस गया, जिसे मोटर और टैंकर से निकाला गया।

निरीक्षण के दौरान उठाए सवाल

महापौर मंजूषा भगत वार्ड 22 और 23 का निरीक्षण करने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण में इंजीनियरिंग की लापरवाही रही है और इसकी जांच कराई जाएगी। घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी।

टेंडर निरस्तीकरण बना नया मुद्दा

23 जुलाई को नगर निगम ने सड़क और नाली निर्माण के टेंडर निरस्त कर दिए, जिस पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने लोगों को टेंडर दिलाने के लिए आम जनता की समस्याएं नजरअंदाज कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button