धान खरीदी में बड़ा घोटाला, 63 लाख का नुकसान – पोंड़ी सेवा सहकारी समिति में तीन पर FIR

बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र की सेवा सहकारी समिति पोंड़ी में धान खरीदी के नाम पर एक बड़ा घोटाला सामने आया है। वर्ष 2023-24 की खरीदी में लगभग 63 लाख रुपये की धान गबन की पुष्टि हुई है। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने तीन जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक अभिषेक शर्मा ने सकरी थाने में शिकायत दी थी। जांच में सामने आया कि समिति ने कुल 55,476 क्विंटल धान खरीदा था, जिसमें से स्टॉक में 2,226.77 क्विंटल धान होना चाहिए था। लेकिन मौके पर केवल 195.77 क्विंटल अमानक (खराब) धान ही मिला। यानी करीब 2,031 क्विंटल धान ग़ायब पाया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 62 लाख 96 हजार रुपये है।
इस घोटाले में जिन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है, उनमें शामिल हैं:
तात्कालीन संस्था प्रबंधक अरुण कुमार कौशिक
तात्कालीन केंद्र प्रभारी रामखिलावन धुर्वे
कंप्यूटर ऑपरेटर हरी यादव
जांच में यह भी सामने आया है कि रिकॉर्ड एंट्री, स्टॉक की जांच और निगरानी प्रक्रिया में भारी लापरवाही बरती गई। माना जा रहा है कि यह सब सोची-समझी साजिश के तहत किया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह खुलासा शासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है और किसानों के बीच अविश्वास की भावना को भी बढ़ा रहा है। अब देखना होगा कि दोषियों पर क्या कड़ी कार्रवाई होती है और किसानों का भरोसा कैसे बहाल किया जाएगा।





