सरकंडा में अवैध महुआ शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया

बिलासपुर:सरकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मोपका पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने ग्राम चिल्हाटी और कुटी के बीच जंगल में दबिश देकर 35 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। इस दौरान मौके से आरोपी सूरज धनवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल में अवैध रूप से शराब बनाई और बेची जा रही है। जब पुलिस वहां पहुंची तो सूरज धनवार शराब तैयार करता मिला। तलाशी के दौरान उसके पास से दो प्लास्टिक डिब्बों में भरी 35 लीटर महुआ शराब और 320 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त शराब की कीमत करीब 7,000 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब को जब्त कर सूरज के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button