महादेव सट्टा ऐप केस: ईडी की बड़ी कार्रवाई, 576 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, नेताओं से जुड़े तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा कदम उठाया है। ईडी ने दिल्ली, मुंबई, इंदौर, अहमदाबाद, चंडीगढ़, चेन्नई और ओडिशा के संबलपुर सहित देश के 7 शहरों में एक साथ छापेमारी की।
इस कार्रवाई में 576.29 करोड़ रुपए की सिक्योरिटीज, बॉन्ड और डीमैट खाते फ्रीज किए गए हैं। साथ ही 3.29 करोड़ रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। ईडी को कई अहम दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।
जांच में सामने आया है कि इस पूरे रैकेट का कनेक्शन दिल्ली के कुछ नेताओं से भी है। छत्तीसगढ़ से हवाला के जरिए दिल्ली तक काली कमाई पहुंचाई जा रही थी। सट्टे से कमाए गए पैसे को मॉरीशस और दुबई के फर्जी निवेशकों (FPI) के जरिए शेयर बाजार में लगाया गया।
इन पैसों का इस्तेमाल छोटे और मझोले कंपनियों के शेयरों की कीमतें कृत्रिम रूप से बढ़ाने और गिराने में किया गया, जिससे आम निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ।
ईडी अधिकारियों के मुताबिक, यह मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। जिन नेताओं के तार इस केस से जुड़े हैं, उनके खिलाफ अब जांच तेज कर दी गई है।





