रायपुर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा और जारी किए हेल्पलाइन नंबर

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों की भीड़ बढ़ गई है। कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं।

स्थिति को देखते हुए रायपुर पुलिस ने पेट्रोल पंपों की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस की ओर से पेट्रोल पंपों पर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर वाले पोस्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंच सके।

इन पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम, स्थानीय थाना, डायल-112 और अन्य जरूरी हेल्पलाइन नंबर शामिल किए गए हैं। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को रात्रिकालीन सतर्कता बरतने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और नगदी के सुरक्षित प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं।

इधर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ऑयल कंपनियों और डीलर्स की बैठक लेकर साफ निर्देश दिए हैं कि आम लोगों को पेट्रोल-डीजल की सप्लाई में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ऑयल डिपो को बिना देरी ईंधन सप्लाई करने और वितरण का समय बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने ईंधन टैंकरों को शहर में 24 घंटे आवाजाही की अनुमति देने को भी कहा है, ताकि किसी पेट्रोल पंप में स्टॉक की कमी न हो। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कालाबाजारी या सप्लाई में गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button