सूरजपुर में आकाशीय बिजली से हादसा: 1 की मौत, 6 घायल  

मौसम विभाग ने 29 जिलों में जारी किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हुआ। इसमें 1 युवक की मौत हो गई और 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। घायलों का इलाज सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। बताया जा रहा है कि लोग पेड़ के नीचे ग्राम पंचायत सचिव से दस्तावेज अपडेट करा रहे थे, तभी बिजली गिरी। यह घटना ओड़गी थाना क्षेत्र की है।

इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 29 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। केवल कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा को छोड़ बाकी जिलों में आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। विभाग ने बताया कि 17 सितंबर से ऐसी गतिविधियों में कमी आएगी।

पिछले 24 घंटों में रायपुर और रायगढ़ समेत कई इलाकों में बारिश हुई। अब तक प्रदेश में 1033.2 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। बलरामपुर जिले में सबसे अधिक 1399.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 51% ज्यादा है, जबकि बेमेतरा में केवल 483.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 50% कम है।

हाल ही में बस्तर संभाग के चार जिलों में मूसलाधार बारिश से 200 से ज्यादा घर ढह गए और कई पुल टूट गए। अब तक प्रदेश में बाढ़ से 5 मौतें हो चुकी हैं और 2196 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, जब गरज-चमक के साथ बादलों में विद्युत आवेश बनता है, तो धरती और बादलों के बीच असमान चार्ज के कारण बिजली गिरती है। इससे बचाव के लिए खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button