रायपुर के क्लब में देर रात छापेमारी, नशे में धुत युवक-युवतियां मिले

रायपुर |
राजधानी रायपुर की पुलिस ने रविवार देर रात नया रायपुर के क्लबों में बड़ी कार्रवाई करते हुए, निर्धारित समय के बाद भी खुले पाए गए क्लबों पर छापेमारी की। इस दौरान IP क्लब और एल्सवेयर क्लब में देर रात पार्टी करते नशे में धुत युवक-युवतियां मिले।
पुलिस ने मौके पर क्लब संचालकों को फटकार लगाई और कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
क्लब्स पर अचानक छापा, नियमों की उड़ाई जा रही थी धज्जियां
नवा रायपुर के एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला खुद इस छापेमारी के दौरान मौजूद रहे। शिकायत मिली थी कि क्लबों में रात 12 बजे के बाद भी तेज म्यूजिक के साथ पार्टी चल रही है। छापेमारी के दौरान क्लब खुले पाए गए और शराब के साथ डीजे पार्टी भी जारी थी।
मौके पर पंचनामा तैयार कर रायपुर कलेक्टर कार्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है। दोनों क्लबों के खिलाफ बॉन्ड ओवर के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
ड्रिंक एंड ड्राइव पर भी पुलिस का शिकंजा
पुलिस ने न सिर्फ क्लबों पर कार्रवाई की, बल्कि देर रात ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले युवाओं के खिलाफ भी सख्ती बरती। लगभग 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के लिए RTO को पत्र भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले 3 महीनों में 300 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है और आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
सख्त चेतावनी, अब बख्शे नहीं जाएंगे नियम तोड़ने वाले
एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के निरीक्षण जारी रहेंगे। क्लब संचालकों को तय नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है।





