खैरागढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: ₹64 हजार की ठगी से खुला ₹50 करोड़ के साइबर गैंग का राज, 8 आरोपी गिरफ्तार

खैरागढ़। खैरागढ़ पुलिस ने एक ऐसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसकी चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है। इंस्टाग्राम पर साड़ी बेचने के नाम पर हुई ₹64 हजार की ऑनलाइन ठगी के मामले ने पुलिस को 50 करोड़ रुपए के साइबर फ्रॉड करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंचा दिया।

मामला तब शुरू हुआ जब खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की छात्रा वसुधा सिन्हा ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने इंस्टाग्राम पर एक पेज से साड़ी खरीदी, लेकिन पेमेंट करने के बाद उसके साथ ₹64 हजार की ठगी हो गई। शुरू में यह मामूली ठगी का मामला लगा, लेकिन जब साइबर सेल ने जांच शुरू की, तो हैरान कर देने वाला जाल सामने आया।

जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह मुंबई के डोम्बिवली और कल्याण में बैठकर देशभर के लोगों को ठग रहा था। आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग पेज बनाते और साड़ी या अन्य वस्तुएं बेचने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे। यही नहीं, यह गिरोह “100 बुक” नाम का ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप भी चला रहा था, जिसके जरिए ठगी के पैसों का लेन-देन किया जा रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने 100 से ज्यादा फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड तैयार कर रखे थे, जिनके जरिए करीब ₹50 करोड़ का लेन-देन हुआ।

गिरोह को पकड़ने के लिए खैरागढ़ पुलिस की टीम सात दिन तक मुंबई में डेरा डाले रही। पुलिसकर्मियों ने खुद को डिलीवरी ब्वॉय बनाकर इलाके में रेकी की और सही मौके पर डोम्बिवली के दो फ्लैटों में एक साथ छापा मारा। इस कार्रवाई में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों और ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई