अंडा ठेला से करोड़ों की सूदखोरी तक का सफर: बीएमडब्ल्यू में घूमते हैं तोमर ब्रदर्स, आलीशान कोठी में राजाओं जैसा ठाट

रायपुर। रायपुर के टिकरापारा इलाके में अंडे का ठेला लगाने वाला वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी और उसका भाई रोहित आज करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। कभी किराए के मकान में रहने वाले तोमर ब्रदर्स आज 5000 वर्गफीट में बनी आलीशान कोठी में रहते हैं, जहां की सजावट किसी राजमहल से कम नहीं है। बीएमडब्ल्यू, फॉर्च्यूनर, थार जैसी महंगी गाड़ियों के ये शौकीन अब पॉश इलाकों में कई प्रॉपर्टी और फार्महाउस के मालिक हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 19 साल पहले वीरेंद्र का नाम पहली बार आजाद चौक की चाकूबाजी में सामने आया। बाद में एक शादी के विवाद में फायरिंग की, जिसमें एक निर्दोष की मौत हो गई थी। यहीं से उसने अवैध सूदखोरी और आपराधिक गतिविधियों की राह पकड़ी। तोमर ब्रदर्स छोटे कारोबारियों को 10% ब्याज पर लोन देकर उनसे कई गुना रकम वसूलते थे। भुगतान न करने पर प्रॉपर्टी हड़प लेते थे। भाठागांव में इस तरह कई जमीनें हड़प ली गईं। उन्होंने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए कई संगठनों से जुड़कर खुद को सामाजिक कार्यकर्ता का चोला पहनाया, जिसमें करणी सेना भी शामिल है।
तोमर भाईयों पर आरोप है, कि वो लोगों को स्पा सेंटर बुलाकर अश्लील वीडियो बनवाए और फिर ब्लैकमेल किया। कई अपहरण, मारपीट, छेड़खानी और दुष्कर्म के मामले भी सामने आए हैं। यूपी-बिहार के नाम पर गाड़ियां फाइनेंस कर नेपाल में बेचने और फिर उस पैसे को ब्याज पर चलाने का गोरखधंधा भी उजागर हुआ है। घर में नोट गिनने की मशीन तक मिली है। पुलिस ने कई शिकायतों की जांच शुरू कर दी है।





